मंत्री सारंग ने की सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक भारत विस्तार (VISTAAR) प्लेटफॉर्म से किसानों को जोड़ने के दिए निर्देश

Share Politics Wala News

भोपाल 02 फरवरी 2026: सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने सोमवार को मंत्रालय स्थित अपने कक्ष में केंद्रीय बजट वर्ष 2026-27 के संदर्भ में सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।

पैक्स को बनाएं बहुउद्देशीय सुविधा केंद्र- मंत्री सारंग

बैठक में मंत्री सारंग ने केंद्रीय बजट में सहकारिता विभाग के लिए स्वीकृत प्रावधानों के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

मंत्री सारंग ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बजट में स्वीकृत योजनाओं एवं कार्यक्रमों के अनुरूप परिणामोन्मुखी कार्य योजना शीघ्र तैयार की जाए ताकि निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति तय समय सीमा में सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की मंशा के अनुरूप सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बनाना एवं किसानों की आय बढ़ाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

बैठक में प्रमुख सचिव सहकारिता श्री डीपी आहूजा, प्रबंध संचालक बीज संघ श्री महेंद्र दीक्षित, प्रबंध संचालक अपेक्स बैंक श्री मनोज गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

भारत विस्तार (VISTAAR) प्लेटफॉर्म से किसान होंगे जागरूक

मंत्री सारंग ने भारत विस्तार “AI” आधारित प्लेटफॉर्म के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से किसानों को नवीन कृषि तकनीकों, सरकारी योजनाओं, मौसम पूर्वानुमान एवं वैज्ञानिक कृषि सलाह से जोड़ा जा सकता है।

सारंग ने निर्देश दिए कि ग्रामीण स्तर तक किसानों को इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग हेतु जागरूक किया जाए ताकि किसान आधुनिक तकनीक अपनाकर फसल उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि कर सकें।

पैक्स को बनाएं बहुउद्देशीय सुविधा केंद्र

मंत्री ने प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों पैक्स को और अधिक सशक्त एवं उपयोगी बनाने के निर्देश देते हुए कहा है कि पैक्स के माध्यम से पशु आहार एवं अन्य आवश्यक कृषि एवं पशुपालन सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने की ठोस कार्य योजना तैयार की जाए।

आगे बढ़ते हुए उन्होंने कहा कि इससे किसानों एवं पशु पालकों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं प्राप्त होंगी और उनकी निर्भरता अन्य माध्यमों पर कम होगी। 

क्लस्टर आधारित विकास पर दें विशेष ध्यान

इसके अलावा मंत्री सारंग ने सहकारिता विभाग के अधिकारियों को क्लस्टर आधारित विकास Cluster Based Development मॉडल को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस मॉडल से सहकारी संस्थाओं की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी, संसाधनों का समुचित उपयोग संभव होगा और किसानों की आय में सतत बढ़ोतरी सुनिश्चित की जा सकेगी।

क्या है भारत विस्तार (VISTAAR) प्लेटफॉर्म

भारत विस्तार प्लेटफॉर्म का पूरा नाम Virtually Integrated System to access Agricultural Resources (VISTAAR) है।

यह एक AI आधारित आधुनिक कृषि सलाह प्रणाली है, जो फसल पैटर्न, मिट्टी की स्थिति, मौसम के रुझान एवं अन्य कृषि आंकड़ों का विश्लेषण कर किसानों को सटीक और उपयोगी सुझाव दे सकती है।

यह भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने SIR-प्रभावित परिवारों संग CEC से की मुलाकात

यह प्लेटफॉर्म किसान कॉल सेंटर सेवाओं से भी जुड़ा हुआ होगा, जिससे किसान सीधे अपने प्रश्न पूछ सकेंगे और प्रभावी रूप से समाधान प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही रियल टाइम मौसम पूर्वानुमान API के माध्यम से किसानों को समय पर जानकारी उपलब्ध कराई जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *