सत्ता में आए तो किसानों का कर्ज माफ करेंगे, 100 यूनिट बिजली फ्री देंगे, 500 रु. में मिलेगा एलपीजी सिलेंडर, मध्यप्रदेश में खरगे ने किए बड़े ऐलान

Share Politics Wala News

भोपाल। मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में किसी समय विधानसभा चुनाव होने हैं। विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए कांगेस ने कमर कस ली है। मंगलवार को कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे राज्य के सागर में चुनाव प्रचार करते समय राज्य की जनता से कई बड़े वादे किए। उन्होंने कहा कि यदि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने की स्थिति में हम प्रदेश के किसानों का कर्ज माफ कर देंगे। खरगे ने कहा अगर कमलनाथ प्रदेश में सीएम बने तो किसानों के कर्ज पूरी तरह माफ कर देंगे। राज्य में एलपीजी सिलेंडर 500 रुपए में उपलब्ध कराएंगे।
उन्होंने कहा हमारी सरकार अगर सत्ता में आई तो महिलाओं के खाते में हर माह 1500 रुपये डाले जाएंगे। उन्होंने कहा कि इसे आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा प्रदेशवासियों का 100 यूनिट तक बिजली का बिल माफ किया जाएगा। सरकार कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम लागू की जाऑएगी।
उन्होंने सत्ता में आने पर राज्य में जातिगत जनगणना करवाने का भी वायदा किया। उन्होंने कहा कि जातिगत जनगणना कराए जाने से पिछड़ी जातियों की ठीक-ठीक संख्या का पता चल सकेगा और उन्हें उनकी संख्या के अनुपात में आरक्षण व अन्य सुविधाएं दी जाएंगी। इससे पिछड़े तबके का भला होगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा हमने इसीलिए पिछड़ी जाति के 6 नौजवानों को अपनी कार्यसमिति का हिस्सा बनाया है। ताकि हम पिछड़ों के विकास की एक मुकम्मल योजना को आकार दे सकें।

इस दौरान मल्लिकार्जुन खरगे ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा मध्य प्रदेश की यह सरकार पूरी तरह से गैरकानूनी है। भाजपा को जनता ने सत्ता से बाहर कर दिया था। उन्होंने हमारे विधायकों की चोरी करके फिर से सरकार बना ली। वे सिद्धांतों की बातें करते हैं, जो उनकी हरकतों से मेल नहीं खाता। वे कहते हैं कि उन्होंने अपने सिद्धांतों पर सरकार बनाई है। प्रदेश की जनता उनके इस दावे की असलियत जानती है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आगे कहा कि वे हमेशा पूछते हैं कि कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया, हम कहते हैं हमने संविधान को बचाया है।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि वे लोगों का प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का डर दिखाकर अपनी सरकारें बना रहे हैं। यही कर्नाटक में हुआ और यही मणिपुर में हुआ। जहां भी उन्हें चुनाव में चुना नहीं जाता, वे गलत उपाय अपनाकर सत्ता में आने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि वे देश के संविधान को बदलना चाहते हैं, लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे। इस देश में 140 करोड़ लोग संविधान को बचाने के लिए जिंदा हैं। संविधान को बदलने का कोई भी प्रयास सफल नहीं होने वाला।