त्रिपुरा के नगर निकाय चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत

Share Politics Wala News

-334 में से 329 सीटें जीतीं, -पीएम मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं की तारीफ की

नई दिल्‍ली। त्रिपुरा के प्रतिष्ठापूर्ण नगर निकाय चुनावों में सत्तारूढ़ भाजपा ने प्रचंड जीत दर्ज करते हुए 334 में से 329 सीटों पर कब्जा जमा लिया। पार्टी ने अगरतला नगर निगम (एमएमसी) की सभी 51 सीटों पर अभूतपूर्व जीत दर्ज की। विपक्षी तृणमूल कांग्रेस व मा‌र्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) 11 नगर निकायों में खाता भी नहीं खोल सकीं। इस जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्‍य के पार्टी कार्यकर्ताओं की सराहना की। उन्‍होंने कहा कि त्रिपुरा के लोगों ने संदेश दिया है कि वे सुशासन की राजनीति को प्राथमिकता देते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं निकाय चुनावों में त्रिपुरा भाजपा को स्पष्ट समर्थन देने के लिए राज्‍य के लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूं। त्रिपुरा के लोगों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वे सुशासन की राजनीति को प्राथमिकता देते हैं। ये आशीर्वाद हमें त्रिपुरा में प्रत्येक व्यक्ति के कल्याण के लिए काम करने की अधिक शक्ति देते हैं।

पीएम मोदी ने एक अन्‍य ट्वीट में कहा कि मैं भाजपा त्रिपुरा कार्यकर्ताओं की सराहना करना चाहता हूं जिन्होंने जमीन पर अथक परिश्रम किया और लोगों की सेवा की। बिप्लब देबजी के नेतृत्व में राज्य सरकार कई पहलों में सबसे आगे रही है, जिसका नतीजा है कि जनता ने विधिवत आशीर्वाद दिया है।

वहीं भाजपा अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि त्रिपुरा में स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा को भव्य जीत हासिल हुई है। इस ऐतिहासिक जीत के लिए मैं प्रदेश के मुख्यमंत्री बिप्लब देब, प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष और भाजपा कार्यकर्ताओं को तहे दिल से बधाई देता हूं। भाजपा ने आज घोषित हुए 334 वार्ड के नतीजों में 329 वार्ड में जीत दर्ज की है। इसमें भाजपा ने 112 सीटें पहले ही निर्विरोध जीत ली थीं।

भाजपा अध्‍यक्ष नड्डा ने कहा कि इस चुनाव में विपक्ष को मात्र पांच सीटें हासिल हुई हैं। 14 में से 11 म्युनिसिपल कारपोरेशन में सभी सीटें भाजपा ने जीती हैं। तीन म्युनिसिपल कारपोरेशन में कलिया शहर में 17 में से 16, पाली सागर में 13 में से 12 और अम्बासा में 15 में से 12 सीटें भाजपा ने जीती हैं।

भाजपा अध्‍यक्ष ने एक अन्‍य ट्वीट में कहा कि त्रिपुरा के स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक विजय राष्ट्रवादी ताकतों की जीत है, विकासवादी सोच की जीत है। साथ ही यह विघटनकारी ताकतों, हिंसा की राजनीति करने वालों और त्रिपुरा का अपमान करने वालों की करारी हार है।

मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने जीत को ऐतिहासिक व भाजपा विरोधियों को त्रिपुरा की जनता द्वारा दिया गया उचित जवाब करार दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य के बहुसंख्यक व अल्पसंख्यक, दोनों समुदायों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास के पक्ष में मतदान किया। जनता ने राज्य को बदनाम करने वाली ताकतों को सही जगह दिखाई है।

 

क्‍या कहते हैं चुनावी नतीजे

राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि भाजपा ने 15 सदस्यीय खोवाई नगर परिषद, 17 सदस्यीय बेलोनिया, 15 सदस्यीय कुमारघाट व नौ सदस्यीय सबरूम नगर पंचायत के सभी वार्डो में जीत हासिल की।

पार्टी ने 25 वार्ड वाले धर्मनगर नगर परिषद, 15 सदस्यीय तेलियामुरा व 13 सदस्यीय अमरपुर नगर पंचायत में विपक्षी दलों का सूपड़ा साफ कर दिया।

सोनामूरा व मेलाघर नगर पंचायतों की सभी 13-13 सीटों तथा 11 सदस्यीय जिरानिया नगर पंचायत पर भी भाजपा ने कब्जा कर लिया है।

भाजपा ने अंबासा नगर परिषद की 12 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि तृणमूल व माकपा को एक-एक सीट मिली। एक अन्य सीट निर्दलीय उम्मीदवार के पास गई।

कैलाशहर नगर परिषद की 16 सीटों पर भाजपा जीती, जबकि माकपा को एक सीट मिली। पानीसागर नगर पंचायत में भाजपा 12 सीटों पर विजयी हुई, जबकि माकपा ने एक सीट हासिल की।

तृणमूल राज्य में अहम पार्टी के रूप में उभरी है। सूत्रों ने बताया कि नगर निकाय चुनाव में भाजपा को 59 फीसद मत मिले हैं, जबकि लेफ्ट को 19.55 प्रतिशत। तृणमूल भी 16.39 फीसद मत हासिल करने में कामयाब रही है।

वर्ष 2018 में प्रचंड जीत के साथ राज्य की सत्ता में आई भाजपा के लिए नगर निकाय चुनाव बेहद अहम थे। पार्टी ने एएमसी व 13 अन्य नगर निकायों की सभी 334 सीटों पर उम्मीदवार उतारे और 112 पर निर्विरोध जीत हासिल की।

छह नगर निकाय ऐसे रहे, जहां भाजपा के सभी प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए। बाकी 222 सीटों के लिए 25 नवंबर को मतदान हुआ था।

तृणमूल प्रत्याशियों पर हमला : मतगणना के बाद तृणमूल प्रत्याशियों और पोलिंग एजेंट को उनके घर पहुंचाने जा रही पुलिस गाड़ी पर तेलियामुरा में हमला हो गया। इसमें कुछ पुलिसकर्मी व तृणमूल नेता चोटिल हुए हैं। इलाके में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *