Rahul Gandhi US Visit: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर भारतीय लोकतंत्र और चुनाव प्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
इस बार वे भारत की बजाय अमेरिका की धरती पर बोले और सीधे चुनाव आयोग को कटघरे में खड़ा कर दिया।
दरअसल, राहुल गांधी इन दिनों अमेरिका के दौरे पर हैं।
इस दौरान उन्होंने भारतीय प्रवासियों को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों को लेकर कई बड़े आरोप लगाए।
बॉस्टन में राहुल गांधी ने अपने भाषण में कहा कि भारतीय चुनाव आयोग पूरी तरह से समझौता कर चुका है और वह अब निष्पक्ष नहीं रहा।
महाराष्ट्र में 65 लाख वोट दो घंटे में कैसे पड़े?
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी 2 दिन के अमेरिका दौरे पर हैं।
वे यहां रोड आइलैंड स्थित ब्राउन यूनिवर्सिटी का दौरा करेंगे, जहां वे फैकल्टी और छात्रों से बातचीत करेंगे।
इसी बीच बॉस्टन में राहुल गांधी के दिए बयान को लेकर भारत में राजनीतिक घमासान शुरु हो गया है।
दरअसल, राहुल गांधी ने ना सिर्फ महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव पर सवाल उठाए, बल्कि ये भी कहा कि भारतीय चुनाव आयोग समझौता कर चुका है।
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में सवाल उठाया कि 5:30 बजे शाम से 7:30 बजे के बीच महाराष्ट्र में 65 लाख वोट कैसे पड़ सकते हैं?
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने उन्हें शाम साढ़े पांच बजे तक की वोटिंग की जानकारी दी थी, लेकिन उसके बाद अचानक दो घंटे में 65 लाख वोट डाले जाने का दावा किया गया।
राहुल ने तर्क दिया कि अगर एक व्यक्ति को वोट डालने में औसतन 3 मिनट लगते हैं, तो इतने सारे लोगों को वोट डालने में पूरी रात लग जानी चाहिए थी।
उन्होंने कहा, अगर हम गणित लगाएं तो यह नामुमकिन है। वोटर्स की लाइनें रात 2 बजे तक चलनी चाहिए थीं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
फर्जी वोटर्स और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप
कांग्रेस सांसद ने यह भी बताया कि जब उनकी पार्टी ने चुनाव की वीडियोग्राफी की मांग की, तो चुनाव आयोग ने इसे ठुकरा दिया।
इसके साथ ही राहुल ने यह आरोप भी लगाया कि आयोग ने बाद में कानून में बदलाव कर दिया, ताकि विपक्ष आगे इस विषय में सवाल न उठा सके।
राहुल गांधी ने दावा किया कि महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से पहले कुल 39 लाख नए मतदाता जोड़ दिए गए।
जबकि लोकसभा चुनाव से पहले 5 साल में 32 लाख नए वोटर्स जोड़े गए थे।
उन्होंने सवाल किया, पांच महीने में पांच साल से ज्यादा वोटर्स कैसे जुड़ गए?
उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र की वयस्क आबादी से ज्यादा लोग वोटर लिस्ट में कैसे आ सकते हैं?
राहुल गांधी ने कामठी विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां बीजेपी की जीत का अंतर लगभग उतना ही था, जितने नए मतदाता उस क्षेत्र में जोड़े गए थे।
BJP का आरोप राहुल विदेश में भारत का अपमान कर रहे
राहुल गांधी के बयानों के बाद भारतीय राजनीति में एक बार फिर से तीखी बहस छिड़ गई है।
भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि राहुल गांधी विदेशी धरती से भारतीय लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम कर रहे हैं। यह देश के खिलाफ काम है।
वहीं मध्यप्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने तो राहुल गांधी के बयान को देशद्रोह की श्रेणी में रखने की बात तक कह दी।
उन्होंने कहा, अगर चुनाव आयोग गड़बड़ी करता, तो सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी संसद सदस्य कैसे बनते?
दूसरी ओर कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने जो सवाल उठाए हैं, वो पहले से सार्वजनिक हैं और इन पर गंभीरता से चर्चा होनी चाहिए।
उन्होंने कहा, भाजपा मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए राहुल गांधी को निशाना बना रही है।
हरियाणा विधानसभा चुनावों में भी ईवीएम पर उठे सवाल
यह मुद्दा कोई नया नहीं है, कांग्रेस अकसर चुनाव आयोग और ईवीएम में गड़बड़ी के आरोप लगाती रहती है।
इससे पहले अक्टूबर 2024 में हुए हरियाणा विधानसभा चुनावों को लेकर भी कांग्रेस ने सवाल उठाया था।
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने आरोप लगाया था कि 20 सीटों पर मतगणना के दौरान EVM में गड़बड़ी मिली।
उन्होंने दावा किया था कि जिन मशीनों में 99% बैटरी चार्ज थी, उन्हीं पर कांग्रेस उम्मीदवार हारे हैं।
वहीं 60-70% बैटरी वाली मशीनों पर कांग्रेस उम्मीदवार जीते।
बहरहाल, एक बार फिर राहुल गांधी, उनका विदेश दौरा, भारत की वोटिंग प्रकिया सवालों के घेरे में है।
अब देखने होगा कि चुनाव आयोग इन आरोपों का क्या जवाब देता है और सत्ताधारी भाजपा क्या प्रतिक्रिया देती है।
You may also like
-
ज्योति मल्होत्रा और ISI एजेंट का पॉडकास्ट, कहा- मेरी कोशिश ज्यादा से ज्यादा हिंदू पाकिस्तान जाएं
-
पाकिस्तान में जल संकट की आहट: भारत को भेजे 4 लेटर, सिंधु जल संधि को बहाल करने की मांग
-
महाराष्ट्र के बाद बिहार में ‘मैच फिक्सिंग’ की तैयारी में BJP! राहुल गांधी ने किया चुनावी ‘धांधली’ का खुलासा
-
KSCA के सचिव-कोषाध्यक्ष का इस्तीफा: बेंगलुरु भगदड़ मामले की नैतिक जिम्मेदारी ली, हादसे में हुई थी 11 लोगों की मौत
-
इंदौर कपल का नया CCTV: शिलांग होटल के बाहर दिखे, सोनम ने वही जैकेट पहनी जो खून से सनी मिली थी