MP BJP President Election

MP BJP President Election

MP में BJP को दो दिन बाद मिल जाएगा नया प्रदेश अध्यक्ष, पार्टी ने जारी किया चुनाव कार्यक्रम

Share Politics Wala News

 

MP BJP President Election: मध्यप्रदेश में दो दिन बाद भारतीय जनता पार्टी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा।

पार्टी की ओर से सोमवार को इस चुनाव के लिए आधिकारिक कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है।

चुनाव अधिकारी विवेक सेजवलकर ने चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है।

इसके तहत नामांकन, जांच, मतदान और परिणाम की पूरी प्रक्रिया 1 और 2 जुलाई को संपन्न होगी।

नामांकन और मतदान का पूरा शेड्यूल

चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, 1 जुलाई को शाम 4.30 बजे से 6.30 बजे तक नामांकन पत्र भरे जाएंगे।

इसके बाद 6.30 बजे से 7.30 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी।

शाम 7.30 बजे से 8 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया चलेगी और रात 8.30 बजे तक नामांकन की अंतिम सूची घोषित की जाएगी।

2 जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा और इसके तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

379 प्रतिनिधि करेंगे मतदान, भोपाल में जुटेंगे दिग्गज

प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव में कुल 379 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।

इनमें प्रदेश के सांसद, विधायक, जिला अध्यक्ष, प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य शामिल हैं।

जिन प्रमुख सांसदों को मताधिकार प्राप्त है, उनमें वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया और वीरेंद्र खटीक शामिल हैं।

विधायकों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, विजय शाह, तुलसी सिलावट, संपतिया उईके, भूपेंद्र सिंह, गोविंद सिंह राजपूत, अजय विश्नोई जैसे नाम शामिल हैं।

यह सभी मतदान में भाग लेकर अगले प्रदेश अध्यक्ष का चयन करेंगे।

1 जुलाई को शाम 4 बजे चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भोपाल पहुंचेंगे।

इसके बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय में उम्मीदवारों द्वारा नामांकन दाखिल किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, सभी मंत्री, सांसद, विधायक, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष और संगठन के अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे।

माना जा रहा है कि यह चुनाव सिर्फ औपचारिकता भर होगा क्योंकि पार्टी ने पहले ही आंतरिक सहमति बना ली है।

प्रदेश अध्यक्ष का यह चुनाव सिर्फ नेतृत्व परिवर्तन नहीं बल्कि रणनीतिक बदलाव का संकेत भी है।

पार्टी चाहती है कि नया अध्यक्ष चुनावी राजनीति और संगठन के बीच संतुलन बनाए रखे और भाजपा को अगले पांच साल के लिए और मजबूती दे।

खंडेलवाल मजबूत दावेदार, अन्य नाम भी रेस में

सूत्रों के अनुसार बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल को लेकर संगठन के सभी प्रमुख चेहरे एकमत हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से लेकर केंद्रीय नेतृत्व तक उनके नाम पर सकारात्मक संकेत दिए गए हैं।

वह संगठन और विधायिका दोनों में संतुलन बनाने वाले चेहरे माने जा रहे हैं।

हालांकि बीजेपी का इतिहास रहा है कि वह आखिरी समय में चौंकाने वाले फैसले लेती है।

पिछले एक दशक में पार्टी ने कई राज्यों में अप्रत्याशित रूप से मुख्यमंत्री बदले हैं, इसलिए मध्यप्रदेश में भी ऐसा कुछ हो सकता है।

प्रदेश अध्यक्ष पद की रेस में आदिवासी वर्ग से गजेंद्र पटेल, सुमेर सिंह सोलंकी जैसे नेताओं के नाम भी चर्चा में हैं।

ब्राह्मण समुदाय से डॉ. नरोत्तम मिश्रा, रामेश्वर शर्मा, सांसद आलोक शर्मा और आशीष दुबे जैसे नेता भी उम्मीदवारों की सूची में शामिल बताए जा रहे हैं।

बीजेपी का प्रयास है कि अगला प्रदेश अध्यक्ष ऐसा चेहरा हो जो आगामी स्थानीय चुनावों और 2029 की तैयारी के लिए संगठन को मजबूती दे सके।

राष्ट्रीय अध्यक्ष का रास्ता भी होगा साफ

प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के बाद पार्टी का अगला फोकस राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन पर रहेगा।

बीजेपी अब तक 14 राज्यों में नए अध्यक्षों की घोषणा कर चुकी है।

मध्यप्रदेश सहित उत्तरप्रदेश, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में चुनाव बाकी हैं।

कुल 19 राज्यों के चुनाव पूरे होने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा।

बीजेपी ने हाल ही में महाराष्ट्र, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति की है।

महाराष्ट्र में केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू, उत्तराखंड में हर्ष मल्होत्रा और पश्चिम बंगाल में रविशंकर प्रसाद को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है।

इससे संकेत मिलता है कि पार्टी अब संगठन के पुनर्गठन की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने की ओर बढ़ चुकी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *