AAP MLA Arrested: पंजाब में जालंधर सेंट्रल से आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा को विजिलेंस ब्यूरो ने शुक्रवार सुबह भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
उनके खिलाफ यह कार्रवाई नगर निगम के नाम पर अवैध वसूली और भ्रष्ट आचरण से जुड़ी शिकायतों के आधार पर की गई।
विजिलेंस टीम ने सुबह 8:45 बजे उनके अशोक नगर स्थित आवास पर रेड मारी और पुख्ता सबूत मिलने के बाद उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
सुबह घर से निकलते ही विजिलेंस टीम ने घेरा
सुबह जैसे ही रमन अरोड़ा अपने घर से बाहर निकले, विजिलेंस की टीम ने उन्हें घर के पास मंदिर के मोड़ पर रोक लिया। टीम उन्हें वापस घर लेकर गई, जहां तलाशी अभियान शुरू किया गया।
रेड के दौरान विजिलेंस अधिकारियों ने कई अहम दस्तावेजों और सबूतों को कब्जे में लिया।
सूत्रों के अनुसार, यह रेड लगभग एक महीने से चल रही जांच और निगरानी का परिणाम है, जिसमें पहले ही नगर निगम के असिस्टेंट टाउन प्लानर (ATP) सुखदेव वशिष्ठ को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पूछताछ में ATP ने खुलासा किया कि नोटिसों के जरिए लोगों से रिश्वत वसूली की जाती थी और विधायक के इशारों पर उन्हें रफा-दफा कर दिया जाता था।
ATP की गिरफ्तारी के बाद अरोड़ा का नाम लगातार विजिलेंस के रडार पर बना हुआ था। इसके बाद FIR दर्ज की गई और कार्रवाई की पृष्ठभूमि तैयार की गई।
MLA के वकील ने जताई गिरफ्तारी पर आपत्ति
विधायक रमन अरोड़ा के वकील ने कहा उन्हें रेड की सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें अंदर जाने की इजाजत नहीं दी।
उन्हें यह नहीं बताया जा रहा कि रेड किस कारण से हो रही है और विधायक के साथ क्या किया जा रहा है।
जब उनसे सीएम द्वारा सोशल मीडिया पर रेड की पुष्टि किए जाने पर सवाल किया गया, तो उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
जानकारी के मुताबिक विजिलेंस टीम ने रमन अरोड़ा के समधी राजू मदान के बस्ती गुजा स्थित घर पर भी छापेमारी की, लेकिन वहां से कुछ हासिल नहीं हुआ। घर पर ताला लगा था और कोई सदस्य मौजूद नहीं था।
दूसरी ओर अरोड़ा के पर्सनल असिस्टेंट को हिरासत में लिया गया है। हालांकि, विजिलेंस की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
बस पंजाब में ही बची है आप की सत्ता
AAP विधायक पर यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब पार्टी दिल्ली में सत्ता से बाहर हो चुकी है और पंजाब ही उसका एकमात्र शासित राज्य बचा है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के बाद पार्टी अब पंजाब में अपनी छवि सुधारने और भ्रष्टाचार विरोधी रुख को सख्ती से लागू करने की रणनीति पर काम कर रही है।
रमन अरोड़ा की गिरफ्तारी इसी दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। AAP सरकार ने इससे पहले भी अपने दो विधायकों और कई प्रशासनिक अधिकारियों पर कार्रवाई की थी।
मई 2022 में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. विजय सिंगला को रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार कर कैबिनेट से बर्खास्त किया गया था।
फरवरी 2023 में बठिंडा ग्रामीण से विधायक अमित रतन को भी रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया गया था।
राज्य सरकार ने पिछले तीन महीनों में विजिलेंस विभाग में कई बदलाव किए हैं।
विजिलेंस प्रमुख वरिंदर कुमार को हटाकर जी नागेश्वर राव को लाया गया, लेकिन उनके कार्यकाल में कार्रवाई की गति धीमी रही। बाद में उन्हें भी हटाकर एसपीएस परमार को जिम्मेदारी दी गई।
अब हाल ही में ADGP प्रवीण कुमार को विभाग की कमान सौंपी गई है, जो भ्रष्टाचार मामलों में तेजी से कार्रवाई के लिए जाने जाते हैं।
रमन अरोड़ा का विवादित अतीत बना वजह
रमन अरोड़ा पहले भी सुर्खियों में रहे हैं। सितंबर 2022 में जालंधर में दो दुकानदारों के झगड़े को सुलझाने के दौरान उनकी पंजाब पुलिस के डीसीपी नरेश डोगरा से तीखी बहस और कथित झड़प हुई थी।
इस मामले में उनके समर्थकों पर डीसीपी के साथ मारपीट के आरोप लगे थे, हालांकि बाद में मामला सुलझा लिया गया था।
कुछ दिन पहले ही रमन अरोड़ा की सुरक्षा वापस ले ली गई थी। उनके साथ तैनात 12 पुलिसकर्मियों को हटा लिया गया था।
इस फैसले ने पहले ही राजनीतिक हलकों में यह संकेत दे दिया था कि सरकार रमन अरोड़ा पर जल्द सख्त कार्रवाई करने वाली है।
तब खुद अरोड़ा ने बयान दिया था, मुझे नहीं पता कि सुरक्षा क्यों हटाई गई, लेकिन मैं आम आदमी पार्टी का ईमानदार नेता हूं। सरकार का जो फैसला है, वह मुझे मंजूर है।
फिलहाल रमन अरोड़ा को विजिलेंस ने गिरफ्तार कर लिया है और अब उनसे पूछताछ की जा रही है। विजिलेंस ब्यूरो जल्द ही उन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड की मांग करेगा।
इस मामले में और भी नाम सामने आ सकते हैं। वहीं, AAP सरकार पर यह दबाव रहेगा कि वह निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करे और अपनी भ्रष्टाचार विरोधी छवि को बनाए रखे।
You may also like
-
लोकतंत्र को तानाशाही में बदलने की साजिश ही आपातकाल है… इमरजेंसी के 50 साल पर बोले अमित शाह
-
MP के गुना में कुएं में जहरीली गैस से बड़ा हादसा: बछड़े को बचाने उतरे 6 में से 5 लोगों की मौत
-
अब दिलजीत दोसांझ पर लटकी बैन की तलवार! पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर के साथ काम करना पड़ा भारी
-
अमेरिका ने वीजा नियम किए सख्त, अब छात्रों के सोशल मीडिया अकाउंट भी होंगे चेक
-
दर्शकों का ध्यान आकर्षित करने के चक्कर में खो गयी फुलेरा की आत्मा