MP CM on Religion Conversion: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धर्मांतरण को लेकर बड़ा ऐलान किया है। सीएम यादव ने कहा कि एमपी में धर्मांतरण कराने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। हमारी सरकार धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम में फांसी की सजा का प्रावधान करने जा रहे है।
वहीं आज ही के दिन सीएम लाडली बहनों को भी बड़ी सौगात दी। करोड़ों महिलाओं के खातों में लाड़ली बहना योजना की 22वीं किस्त ट्रांसफर की गई।
धर्मांतरण कराने वालों को होगी फांसी की सजा
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर राजधानी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, निर्मला भूरिया, सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवान दास सबनानी और विधायक रामेश्वर शर्मा मौजूद रहे।
इस दौरान सीएम ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि प्रदेश में धर्मांतरण कराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत अब ऐसे लोगों को फांसी की सजा दी जाएगी। दुष्कर्मियों और धर्मांतरण करवाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। दुराचार, जबरन धर्मांतरण और महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के लिए कड़ी से कड़ी सजा का प्रावधान किया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्णय का संस्कृति बचाओ मंच के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने स्वागत किया है।

महिला दिवस पर मुख्यमंत्री ने दिया तोहफा
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2025 के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश की महिलाओं को तोहफा दिया। लाड़ली बहना योजना की 22वीं किस्त जारी की गई। 1.27 करोड़ महिलाओं के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से 1552.73 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की गई। वहीं उज्ज्वला योजना की गैस कनेक्शनधारक महिलाओं के खाते में डीबीटी के जरिए भी राशि ट्रांसफर की गई। सिलेंडर रिफिलिंग के लिए 26 लाख बहनों को 55.95 करोड़ रुपये दिए गए हैं।
इस दौरान सीएम यादव ने कहा कि कांग्रेस ने लाड़ली बहना योजना पर कई तरह के सवाल खड़े किए, लेकिन हमारी सरकार ने हर महीने लाड़ली बहनों के खातों में 1250 रुपये डालने का जो वादा किया था, उसे हर बार पूरा किया है। कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण, समाज सेवा, सुरक्षा, वीरता और साहसिक कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में महिलाओं के लिए और भी नई योजनाएं शुरू की जाएंगी, जिससे वे आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बन सकें।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 5 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के उत्थान और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

महिला दिवस पर सम्मानित की गईं महिलाएं
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी भी महिला अधिकारियों को सौंपी गई। उप पुलिस अधीक्षक बिट्टू शर्मा ने सुरक्षा की कमान संभाली, वहीं इंस्पेक्टर इरशाद अली ने मुख्यमंत्री का वाहन चलाया। ओएसडी की जिम्मेदारी श्रीलेखा श्रोत्रिय और प्रेस अधिकारी का कार्यभार बिंदू सुनील और सोनिया परिहार के पास रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला दिवस के अवसर पर सीहोर जिले में पायलट प्रोजेक्ट के तहत 200 से अधिक महिलाओं को ई-साइकिल वितरित की गई है। इसके अलावा स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से प्रदेश का विकास तेजी से हो रहा है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है, जो मातृसत्ता को स्वीकार करता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में महिलाओं के लिए और बेहतर अवसर पैदा किए जाएंगे, जिससे वे समाज में सम्मान के साथ आगे बढ़ सकें।
You may also like
-
नया इमिग्रेशन बिल, भारत में बिना वैध पासपोर्ट और वीज़ा के घुसने पर 5 साल तक की जेल
-
अब जाँच के घेरे में साउथ का 500 करोड़ का ‘रुशिकोंडा पैलेस ‘
-
संभल जामा मस्जिद की बाहरी दीवारों पर रंगाई-पुताई को कोर्ट ने दी अनुमति
-
पंजाब के गेहूं से महाराष्ट्र के लोग हुए गंजे
-
भारतीय कुश्ती महासंघ की कमान बृजभूषण के करीबी संजय सिंह के हाथ