Air India Flight Cancellation

Air India Flight Cancellation

एयर इंडिया की फ्लाइट कैंसिल: जयपुर से दुबई जा रहे विमान के कॉकपिट में आई तकनीकी खराबी

Share Politics Wala News

 

Air India Flight Cancellation: देश की प्रमुख एयरलाइनों एयर इंडिया और इंडिगो में लगातार तकनीकी खामियां सामने आ रही हैं।

सोमवार, 23 जून को एयर इंडिया एक्सप्रेस की दो और इंडिगो की एक फ्लाइट को या तो टेकऑफ से पहले रोकना पड़ा या फिर रद्द कर दिया गया।

इससे पहले रविवार को भी एयर इंडिया की तीन उड़ानों को कैंसिल किया गया था। यात्रियों को घंटों इंतजार और असुविधा का सामना करना पड़ा।

लगातार बढ़ रही इन घटनाओं पर DGCA ने एयर इंडिया को चेतावनी दी है कि यदि सुधार नहीं हुआ, तो लाइसेंस सस्पेंड किया जा सकता है।

जयपुर से दुबई जा रही फ्लाइट में कॉकपिट की खराबी

सोमवार को एयर इंडिया एक्सप्रेस की जयपुर-दुबई फ्लाइट में टेकऑफ से ठीक पहले कॉकपिट में तकनीकी गड़बड़ी सामने आई।

विमान में 130 यात्री सवार थे। पायलट ने स्थिति को भांपते हुए रनवे से विमान को वापस एप्रन पर ले लिया।

तकरीबन 5 घंटे तक इंजीनियरों की टीम ने तकनीकी खामी दूर करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

अंततः फ्लाइट को रद्द करना पड़ा। यात्रियों को या तो होटल में ठहराया गया या फिर रिफंड और री-शेड्यूलिंग का विकल्प दिया गया।

दिल्ली-जम्मू-श्रीनगर फ्लाइट बिना लैंडिंग लौटाई गई

एक अन्य मामले में एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली-जम्मू-श्रीनगर फ्लाइट (IX-2564) भी यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बनी।

जम्मू एयरपोर्ट पर मौसम साफ था, रनवे भी क्लियर था, इसके बावजूद पायलट को उपयुक्त लैंडिंग पॉइंट नहीं मिला।

नतीजतन, फ्लाइट बिना लैंडिंग किए वापस दिल्ली लौट गई।

इस कारण दर्जनों यात्री श्रीनगर की यात्रा पूरी नहीं कर सके और उन्हें अगले विकल्पों का इंतजार करना पड़ा।

इंदौर से भुवनेश्वर जा रही इंडिगो फ्लाइट में खराबी

इंडिगो की फ्लाइट 6E 6332, जो एयरबस A320 नियो विमान थी, सोमवार को इंदौर से भुवनेश्वर रवाना होने वाली थी।

टेकऑफ के दौरान तकनीकी खराबी की जानकारी मिलने पर विमान को रनवे के बीच से ही लौटाया गया।

विमान में 80 से अधिक यात्री सवार थे, तकरीबन ढाई घंटे तक विमान रनवे पर खड़ा रहा और इस दौरान यात्री विमान में ही बैठे रहे।

बाद में तकनीकी खामी दूर होने के बाद फ्लाइट को रवाना किया गया।

रविवार को भी रही रद्द उड़ानों की भरमार

रविवार को भी एयर इंडिया की कई फ्लाइट्स को रद्द किया गया।

तिरुवनंतपुरम से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट AI2455 को इसलिए रद्द करना पड़ा।

पूर्व की फ्लाइट, जो दिल्ली से तिरुवनंतपुरम पहुंची थी, लैंडिंग के समय पक्षी से टकरा गई थी।

इस कारण तकनीकी जांच जरूरी हो गई, और यात्रियों को होटल में ठहराया गया।

उन्हें वैकल्पिक यात्रा की पेशकश की गई।

इसी दिन रात में एयर इंडिया की इंदौर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट AI804 और दिल्ली से इंदौर आने वाली फ्लाइट AI803 को भी बिना स्पष्ट कारण के रद्द कर दिया गया।

दोनों ही उड़ानें हर रोज तय समय पर परिचालित होती हैं, लेकिन रविवार को इनका संचालन नहीं हो सका। इससे यात्रियों को अंतिम समय पर भारी असुविधा हुई।

फ्लाइट्स सस्पेंड और रूट्स में कटौती

एयर इंडिया ने सोमवार को घोषणा की कि वह 15 जुलाई तक तीन फ्लाइट्स को अस्थायी रूप से बंद कर रही है।

इनमें दो अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट—बेंगलुरु से सिंगापुर और पुणे से सिंगापुर—और एक डोमेस्टिक फ्लाइट—मुंबई से बागडोगरा शामिल है।

इसके अलावा एयर इंडिया ने 19 घरेलू रूट्स पर नैरोबॉडी विमानों की संख्या में भी कटौती की है।

इससे पहले एयरलाइन ने वाइडबॉडी विमानों की संख्या में 15% की कमी की घोषणा की थी।

DGCA ने दी एयर इंडिया को चेतावनी

इन घटनाओं के बीच DGCA ने एयर इंडिया को चेतावनी दी है।

यदि ऑपरेशनल गड़बड़ियां और तकनीकी खामियां दूर नहीं की गईं, तो कंपनी का लाइसेंस सस्पेंड या रद्द किया जा सकता है।

DGCA ने कहा है कि सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एयर इंडिया को फ्लाइट मेंटेनेंस, क्रू ट्रेनिंग और संचालन प्रक्रिया में सुधार लाने के निर्देश दिए गए हैं।

बहरहाल, लगातार हो रही उड़ानों की तकनीकी खामियों और उनके रद्द होने से देश में हवाई यात्रा का भरोसा प्रभावित हो रहा है।

ऐसे में एयरलाइनों की जिम्मेदारी बनती है कि वे यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *