Air India Controversy: अहमदाबाद से लंदन जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI-159 को उड़ान भरने से ठीक पहले तकनीकी खराबी के चलते रद्द कर दिया गया।
यह फ्लाइट मंगलवार दोपहर 1:10 बजे रवाना होने वाली थी, लेकिन विमान में आई खामी के चलते ऐन वक्त पर उड़ान रद्द करनी पड़ी।
खास बात यह है कि 12 जून को हुए प्लेन क्रैश के बाद यह अहमदाबाद से लंदन के लिए जाने वाली पहली फ्लाइट थी।
एयर इंडिया की फ्लाइट कैंसल होने के बाद यात्रियों में इस फैसले को लेकर भारी नाराजगी देखी गई।
यात्रियों को नहीं मिली समय पर जानकारी
फ्लाइट रद्द होने की सूचना यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचने के बाद मिली, जिससे वे खासे आक्रोशित नजर आए।
लंदन जा रहे एक यात्री ने नाराजगी जाहिर की कि इस तरह से जनता को परेशान मत करो।
यहां आने के बाद आप बताते हैं कि फ्लाइट रद्द कर दी गई है। अ
ब 250 लोग क्या करेंगे? कहां रुकेंगे? एयरलाइंस की तरफ से कोई उचित व्यवस्था नहीं है।
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट को बुधवार के लिए पुनर्निर्धारित किया गया है।
लेकिन इस दौरान यात्रियों को ठहरने, खाने-पीने और वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर कोई स्पष्ट सूचना नहीं दी गई।
लगातार खराब हो रहा एयर इंडिया का ट्रैक रिकॉर्ड
यह पहली बार नहीं है जब एयर इंडिया की उड़ान में तकनीकी खामी की वजह से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा हो।
बीते तीन दिनों में एयर इंडिया की तीन फ्लाइट्स सहित कुल छह विमानों को या तो बीच रास्ते से लौटना पड़ा या उड़ान रद्द करनी पड़ी है।
17 जून: सैन फ्रांसिस्को-मुंबई फ्लाइट में तकनीकी खराबी
सोमवार रात सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-180 कोलकाता एयरपोर्ट पर लैंड हुई थी।
यह फ्लाइट बोइंग 777-200LR (वर्ल्डलाइनर) विमान थी, जिसे रात 2 बजे मुंबई रवाना होना था।
लेकिन विमान के बाएं इंजन में तकनीकी खामी के चलते इसे उड़ान भरने से रोक दिया गया।
सुबह करीब 5:20 बजे कैप्टन ने यात्रियों को फ्लाइट से उतरने का निर्देश दिया और बताया कि यह फैसला फ्लाइट की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
17 जून: इंडिगो विमान को मिली बम की धमकी, नागपुर में लैंडिंग
इसी दिन मस्कट से दिल्ली होते हुए कोच्चि जा रही इंडिगो फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी मिली।
इसके बाद नागपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
नागपुर के डीसीपी लोहित मातानी ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और विमान की तलाशी ली गई।
हालांकि अब तक कुछ भी संदिग्ध बरामद नहीं हुआ।
16 जून: दो बोइंग विमानों को टेक ऑफ के बाद लौटना पड़ा
पहली फ्लाइट: हांगकांग से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट (AI-315), जो कि बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर थी, को तकनीकी कारणों से हांगकांग लौटना पड़ा।
दूसरी फ्लाइट: दिल्ली से रांची जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की बोइंग 737 मैक्स 8 फ्लाइट को टेक ऑफ के कुछ समय बाद तकनीकी खामी के चलते वापस दिल्ली एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा।
15 जून: दो और ड्रीमलाइनर विमानों को वापस लौटना पड़ा
पहली फ्लाइट: ब्रिटिश एयरवेज की लंदन से चेन्नई आ रही फ्लाइट को तकनीकी खराबी के कारण वापस लौटना पड़ा। यह फ्लाइट बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर थी।
दूसरी फ्लाइट: फ्रैंकफर्ट से हैदराबाद आ रही लुफ्थांसा एयरलाइन की फ्लाइट (बोइंग 787-9) को बम की धमकी मिलने पर लैंडिंग की अनुमति नहीं दी गई और फ्लाइट को वापस लौटना पड़ा।
विमानन सुरक्षा पर उठ रहे गंभीर सवाल
लगातार सामने आ रही तकनीकी खामियों और बम धमकियों की वजह से विमानन सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
खासकर बोइंग विमानों की खराबी की लगातार खबरों ने यात्रियों के बीच डर का माहौल पैदा कर दिया है।
तकनीकी खराबियों का यह सिलसिला न केवल यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रहा है।
बल्कि एयरलाइंस की संचालन क्षमता, तैयारी और यात्रियों के प्रति उनकी जिम्मेदारी पर भी प्रश्नचिन्ह लगा रहा है।
You may also like
-
आर्मेनिया पहुंचे 110 भारतीय नागरिक बुधवार को दिल्ली के लिए भरेंगे उड़ान
-
ईरान में फंसे भारतीय छात्रों की वतन वापसी आसान नहीं, जानिए क्यों चुना गया आर्मेनिया का रास्ता
-
मोहन कैबिनेट के फैसले: MP में 9 साल बाद प्रमोशन का रास्ता साफ, 4 लाख कर्मचारी-अधिकारियों को लाभ
-
सिर्फ प्रेम त्रिकोण नहीं और भी कई एंगल हैं राजा रघुवंशी मर्डर केस में
-
एक ही दिन में एयर इंडिया ने रद्द की दूसरी फ्लाइट, दिल्ली से पेरिस की थी उड़ान