राहुल हैं कि मानते नहीं… #RSS-BJP हमारे सामने मज़ाक, देश के बड़े कारोबारी ईस्ट इण्डिया कंपनी जैसे!

Share Politics Wala News

Rahul Gandhi Vs BJP-RSS: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस के सामने BJP-RSS मजाक हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस एक ऐतिहासिक पार्टी है, जिसने ब्रिटिश साम्राज्य से लड़कर अंग्रेजों को भगाया और देश को आजादी दिलाई। जबकि BJP और RSS का काम सिर्फ समाज को बांटना और देश को तोड़ने का है।

कांग्रेस के जिला अध्यक्षों की बैठक

नई दिल्ली में 27 मार्च गुरुवार को कांग्रेस जिला अध्यक्षों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें 13 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों के 338 जिला कांग्रेस अध्यक्ष शामिल हुए। कांग्रेस पार्टी ने संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा की और बताया कि अगली दो बैठक 3 और 4 अप्रैल को होगी।

वहीं, बैठक के बाद राहुल गांधी ने अपने वॉट्सएप चैनल पर पोस्ट किया कि जिला कांग्रेस अध्यक्ष पार्टी की नींव हैं और उनका मजबूत होना कांग्रेस की सफलता की कुंजी है।

2-3 बिजनेसमैन ईस्ट इंडिया कंपनी बन गए हैं

बैठक के दौरान राहुल गांधी ने BJP और RSS पर जमकर निशाना साधा और दोनों को कांग्रेस के सामने मजाक बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में दो विचारधाराएं आमने-सामने हैं। एक ओर आरएसएस की सोच है, जो तानाशाही, भेदभाव और अन्याय को बढ़ावा देती है। दूसरी ओर कांग्रेस की विचारधारा है, जो सभी को समानता और न्याय दिलाने की पक्षधर है।

कांग्रेस ने ब्रिटिश साम्राज्य से संघर्ष कर देश को आजादी दिलाई, जबकि BJP और RSS का काम सिर्फ मजोर वर्गों का दमन करने का रहा है। आज देश में 2-3 बड़े उद्योगपति ईस्ट इंडिया कंपनी की तरह काम कर रहे हैं। ये बिजनेसमैन मीडिया, टेलीकॉम, इंफ्रास्ट्रक्चर, जमीन, पोर्ट और रक्षा सौदों तक सबकुछ पर कब्जा कर रहे हैं।

राहुल गांधी के संबोधन की मुख्य बातें

  1. हर नागरिक को समान अधिकार मिले: राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस केवल BJP-RSS से नहीं लड़ रही, बल्कि एक ऐसे भारत के लिए संघर्ष कर रही है जहां हर नागरिक को समान अधिकार मिले। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि हर भारतीय को अपने सपने पूरे करने का अधिकार मिले और किसी के साथ भेदभाव न हो।”
  2. कमजोर वर्गों की रक्षा कांग्रेस की जिम्मेदारी: राहुल ने जिला कांग्रेस अध्यक्षों से कहा कि जब भी कांग्रेस की विचारधारा या कमजोर वर्गों पर हमला होगा, तब जिला कांग्रेस समिति (DCC) उनके बचाव में आगे आएगी। उन्होंने जिला इकाइयों को मजबूत बनाने की बात कही और कहा कि पार्टी तभी BJP को हरा सकती है जब जिला स्तर पर कांग्रेस का संगठन मजबूत होगा।
  3. कार्यकर्ताओं को सभी जरूरी संसाधन मिलेंगे: राहुल गांधी ने जिला कांग्रेस अध्यक्षों से कहा कि वे अपने जिले को इस तरह चलाएं कि हर कार्यकर्ता और आम आदमी को कांग्रेस परिवार का हिस्सा महसूस हो। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस नेतृत्व जिला अध्यक्षों को सभी जरूरी संसाधन मुहैया कराएगा, जिससे वे बेहतर काम कर सकें।

संसद से सड़क तक कांग्रेस की लड़ाई- खड़गे

कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बैठक में कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस को 100 सीटें मिलीं, लेकिन अगर और मेहनत की होती तो 20-30 सीटें और जीत सकते थे। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस के पास ये सीटें होतीं, तो आज भाजपा को सत्ता से बाहर किया जा सकता था।

INDIA गठबंधन ने मिलकर BJP को 240 सीटों पर रोक दिया, लेकिन अगर कांग्रेस को कुछ और सीटें मिली होतीं तो एक वैकल्पिक सरकार बन सकती थी। साथ ही खड़गे ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस की लड़ाई केवल संसद के अंदर नहीं, बल्कि संसद के बाहर सड़कों पर भी BJP और RSS से जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *