Nitish Kumar Begusarai Rally

Nitish Kumar Begusarai Rally

नीतीश कुमार ने बेगूसराय में किया चुनावी हमला, बोले- 2005 से पहले बिहार में भय, अपराध, भ्रष्टाचार का माहौल था

Share Politics Wala News

 

Nitish Kumar Begusarai Rally: बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू नेता नीतीश कुमार ने बुधवार को बेगूसराय जिले के मटिहानी और चेरिया बरियारपुर के खोदावंदपुर प्रखंड में चुनावी सभाओं को संबोधित किया।

इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोला और अपने शासनकाल की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा।

नीतीश ने कहा कि 2005 से पहले बिहार में भय, अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिक तनाव का माहौल था, लेकिन उनकी सरकार ने हालात बदलकर कानून का राज स्थापित किया।

सभा में बोलते हुए नीतीश कुमार ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा— 2005 से पहले बिहार में शाम ढलने के बाद लोग घर से बाहर नहीं निकलते थे।

न सड़क थी, न बिजली, न पानी, न स्वास्थ्य की सुविधा। उस समय फालतू सरकार थी। हिंदू-मुस्लिम में झगड़े होते थे। हमारी सरकार आई, तो सबसे पहले कानून-व्यवस्था को सुधारा। आज बिहार में हर वर्ग सुरक्षित है।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने हर क्षेत्र में काम किया है और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया है।

नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार ने किसी एक समुदाय की नहीं, बल्कि सभी की चिंता की। उन्होंने कहा— 2006 में हमने कब्रिस्तानों की घेराबंदी शुरू करवाई।

2016 में 60 वर्ष से पुराने हिंदू मंदिरों की घेराबंदी भी कराई। हमने विवाद और तनाव की स्थिति खत्म की। हम हमेशा सबको साथ लेकर चले हैं।

रोजगार पर बड़ा दावा: 10 लाख नौकरी पूरी, 1 करोड़ का लक्ष्य

रोजगार के मुद्दे पर सीएम ने कहा कि सरकार ने 2020 के वादे पूरा किए हैं।

उन्होंने दावा किया— 10 लाख सरकारी नौकरियां देने का काम पूरा हो गया है। साथ ही 40-50 लाख युवाओं को रोजगार मिला है।

अब लक्ष्य है कि आने वाले 5 साल में राज्य के 1 करोड़ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

नीतीश कुमार ने कहा कि सरकार अब कौशल विकास, नए उद्योग, स्टार्टअप और सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं को तेज गति से बढ़ाएगी।

महिला सशक्तिकरण को बताया सबसे बड़ी उपलब्धि

मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण को अपनी सरकार की सबसे अहम उपलब्धियों में गिनाया।

उन्होंने कहा— 2006 में पंचायती राज में 50% आरक्षण महिलाओं को दिया।

2013 में पुलिस में 35% आरक्षण। 2016 में सभी सरकारी नौकरियों में 35% आरक्षण।

उन्होंने कहा कि आज बिहार पुलिस बल में महिलाओं की संख्या देश में सबसे अधिक है, जो प्रदेश की सामाजिक प्रगति का प्रमाण है।

नीतीश ने कहा कि “जीविका” समूहों ने महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया है।

विश्व बैंक से कर्ज लेकर शुरू हुई यह योजना आज 1.40 करोड़ महिलाओं तक पहुंच चुकी है, जो छोटे रोजगार से लेकर उत्पादन कार्य तक में लगी हैं।

चेरिया बरियारपुर की सभा के दौरान मंच पर जदयू के मटिहानी प्रत्याशी अभिषेक आनंद, बछवाड़ा से भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र मेहता और बखरी से लोजपा (रा.) के प्रत्याशी संजय पासवान मौजूद रहे।

नीतीश कुमार ने जनता से इन उम्मीदवारों को जीताने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *