Prajwal Revanna Rape Case: बेंगलुरु की स्पेशल कोर्ट ने शुक्रवार को पूर्व JDS सांसद प्रज्वल रेवन्ना को रेप के मामले में दोषी करार दिया।
फैसले के वक्त वह अदालत में रोने लगा और बाहर निकलते हुए भी भावुक हो गया। कोर्ट शनिवार 2 अगस्त को उसकी सजा का ऐलान करेगी।
यह मामला सिर्फ एक पीड़िता का नहीं, बल्कि उस बड़े यौन शोषण घोटाले की एक कड़ी है जिसमें 50 से अधिक महिलाओं ने उसके खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं।
कैसे फंसा देवेगौड़ा का पोता प्रज्वल
पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पोते को बेंगलुरु की एक विशेष अदालत ने 1 अगस्त को रेप के एक मामले में दोषी करार दिया।
कर्नाटक के हासन से पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ 47 वर्षीय घरेलू सहायिका ने रेप की शिकायत दर्ज कराई थी।
महिला ने बताया कि वह रेवन्ना के पारिवारिक फार्महाउस में काम करती थी और 2021 से 2023 तक कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
महिला ने बताया कि प्रज्वल ने वीडियो रिकॉर्ड किया और लीक करने की धमकी देकर उसे चुप कराया।
अप्रैल 2024 में FIR दर्ज हुई और 18 जुलाई को केस सुनवाई पूरी हुई।
कोर्ट ने IPC और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस की सुनवाई की।
कोर्ट में सबूत बना ‘साड़ी’, SIT ने पेश किए 123 सबूत
पीड़िता ने घटना के दौरान पहनी गई साड़ी को सबूत के तौर पर संभाल कर रखा था।
कोर्ट में पेश की गई फॉरेंसिक रिपोर्ट में उस साड़ी पर स्पर्म के निशान पाए गए, जिससे मामला और मजबूत हो गया।
इसके साथ ही पीड़िता द्वारा रिकॉर्ड किया गया वीडियो, घटनास्थल की निरीक्षण रिपोर्ट और मेडिकल रिपोर्ट भी केस में अहम साक्ष्य बने।
मामले की जांच कर्नाटक CID की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने की।
जांच के दौरान SIT ने करीब 2000 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की और कुल 123 साक्ष्य अदालत के सामने रखे।
ट्रायल प्रक्रिया सिर्फ सात महीनों में पूरी हुई। सुनवाई 31 दिसंबर 2024 से शुरू हुई थी, जिसमें 23 गवाहों के बयान दर्ज किए गए।
विशेष न्यायाधीश संतोष गजानन भट्ट ने 18 जुलाई को ट्रायल समाप्त होने के बाद फैसला सुरक्षित रखा था, जो अब सुनाया गया।
कर्नाटक सेक्स स्कैंडल: 3,000 क्लिप्स, 50 पीड़िताएं
प्रज्वल रेवन्ना सिर्फ एक रेप केस में दोषी नहीं है।
2023-24 में उसका नाम कर्नाटक सेक्स स्कैंडल में सामने आने के बाद चर्चा में आया था।
उस पर 50 से ज्यादा महिलाओं से यौन उत्पीड़न का आरोप है।
उनके खिलाफ रेप, छेड़छाड़, ब्लैकमेलिंग और धमकी देने के आरोपों से जुड़े अब तक 4 FIR दर्ज की गई हैं।
पब्लिक प्लेसेज़ में कई पेन ड्राइव्स मिलीं, जिनमें 3,000 से 5,000 अश्लील वीडियो क्लिप्स थीं।
दावा किया गया कि ये क्लिप्स खुद प्रज्वल द्वारा रिकॉर्ड की गई थीं, जिनमें 50 से अधिक महिलाओं के साथ उसका यौन शोषण दिखाई देता है।
SIT की रिपोर्ट के अनुसार, प्रज्वल ने इनमें से 12 महिलाओं के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए, जबकि बाकी को नौकरी या पैसे का लालच देकर यौन फेवर लिया गया।
किसी को सब-इंस्पेक्टर की नौकरी दिलवाई गई, किसी को तहसीलदार तो किसी को फूड डिपार्टमेंट में अपॉइंट किया गया।
विदेश भागा, दादा की चेतावनी के बाद लौटा
26 अप्रैल 2024 को हासन लोकसभा सीट पर मतदान हुआ।
अगले ही दिन, 27 अप्रैल को प्रज्वल देश छोड़कर जर्मनी चला गया।
इस बीच स्कैंडल का खुलासा हो चुका था और SIT ने उसके खिलाफ कई FIR दर्ज कर ली थीं।
प्रज्वल ने 27 मई को एक वीडियो जारी कर कहा कि वह 31 मई को भारत लौटकर SIT के सामने पेश होगा।
इस बयान से तीन दिन पहले उसके दादा और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने सख्त चेतावनी दी थी।
अगर प्रज्वल लौटकर जांच का सामना नहीं करता है, तो परिवार उसे त्याग देगा।
31 मई को जैसे ही प्रज्वल बेंगलुरु एयरपोर्ट पर उतरा, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
JDS ने किया निलंबित, लोकसभा चुनाव भी हारा
2024 के लोकसभा चुनाव में प्रज्वल रेवन्ना ने हासन सीट से दोबारा चुनाव लड़ा, लेकिन भारी विरोध और स्कैंडल के कारण वह हार गया।
उसके खिलाफ मामलों को देखते हुए जनता दल (सेक्युलर) ने उसे पार्टी से निलंबित कर दिया।
अब अदालत शनिवार को यह तय करेगी कि प्रज्वल रेवन्ना को कितनी सजा दी जाए।
IPC की धारा 376 के तहत बलात्कार का दोषी पाए जाने पर न्यूनतम 10 साल से लेकर उम्रकैद तक की सजा हो सकती है।
चूंकि यह मामला विशेष कोर्ट में चला और मजबूत सबूतों के साथ साबित हुआ है, इसलिए कड़ी सजा की संभावना जताई जा रही है।
You may also like
-
प्रज्वल रेवन्ना को रेप केस में उम्र कैद
-
The Kerala Story को मिले नेशनल अवॉर्ड पर बिफरे केरल के मुख्यमंत्री
-
तेजस्वी यादव का दावा- मेरा और पत्नी का नाम वोटर लिस्ट से कटा, पटना DM ने दिया जवाब- 416 नंबर पर दर्ज है नाम
-
फिर राहुल के निशाने पर EC: बोले- भारत का इलेक्शन सिस्टम मर चुका है, 15 सीटों पर धांधली न होती तो मोदी PM नहीं होते
-
काशी में मोदी: बेटियों के सिंदूर का बदला पूरा, ऑपरेशन सिंदूर की सफलता बाबा विश्वनाथ को समर्पित