Nuh Braj Mandal Yatra

Nuh Braj Mandal Yatra

नूंह में ब्रजमंडल यात्रा से पहले विवाद: मजार में तोड़फोड़ से माहौल तनावपूर्ण, इंटरनेट से लेकर स्कूल-बाजार बंद

Share Politics Wala News

 

Nuh Braj Mandal Yatra:  हरियाणा के नूंह जिले में ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा से पहले तनावपूर्ण माहौल बन गया है।

रविवार रात तावड़ू कस्बे में एक मजार में तोड़फोड़ की गई, जिससे जिले में प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है।

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब ब्रजमंडल यात्रा की तैयारियां अपने अंतिम चरण में थीं।

यात्रा की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने इंटरनेट बंद करने से लेकर स्कूल, बाजारों को बंद करने जैसे कई सख्त कदम उठाए हैं।

रात डेढ़ बजे मजार में तोड़फोड़

जानकारी के मुताबिक, रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे नूंह के तावड़ू कस्बे की एक मजार में शरारती तत्वों ने तोड़फोड़ कर दी।

यह घटना सोमवार सुबह करीब 5 बजे सामने आई जब सेवादार वहां पहुंचे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

डीसी विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और माहौल शांतिपूर्ण है।

दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

ब्रजमंडल यात्रा की सुरक्षा को लेकर सख्ती

2023 में ब्रजमंडल यात्रा के दौरान नूंह में हुई हिंसा की पृष्ठभूमि में इस बार प्रशासन बेहद सतर्क है। इसी के तहत कई सुरक्षा उपाय किए गए हैं:

  • इंटरनेट और SMS बंद: जिले में रविवार रात 9 बजे से सोमवार रात 9 बजे तक इंटरनेट सेवाएं और बल्क SMS पर रोक लगाई गई है। हालांकि बैंकिंग और मोबाइल रिचार्ज से जुड़े SMS जारी रहेंगे।
  • स्कूल और बाजार बंद: पहली से 12वीं तक के सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है। यात्रा रूट पर आने वाले बाजार, मीट की दुकानें और फैक्ट्रियां भी बंद हैं।
  • ट्रैफिक डायवर्जन और ड्रोन निगरानी: भारी वाहनों की एंट्री पर रोक है और पूरे जिले में ड्रोन से निगरानी की जा रही है। 2500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

बिट्टू बजरंगी को किया गया हाउस अरेस्ट

ब्रजमंडल यात्रा को लेकर प्रशासन ने एहतियातन गौरक्षा बजरंग फोर्स के नेता बिट्टू बजरंगी को फरीदाबाद स्थित घर में हाउस अरेस्ट कर दिया है।

2023 की हिंसा में उसकी भूमिका और भड़काऊ बयान को लेकर केस दर्ज किया गया था।

फिलहाल, वह जमानत पर है और इस बार यात्रा में शामिल होने की अनुमति मांग रहा था, जिसे प्रशासन ने खारिज कर दिया।

यात्रा का रूट तय, की जा रही सख्त चेकिंग

ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा सोमवार दोपहर 12 बजे नलहड़ेश्वर मंदिर से शुरू हुई है।

यह यात्रा फिरोजपुर झिरका के झिरकेश्वर मंदिर होते हुए श्रृंगेश्वर महादेव मंदिर पर समाप्त होगी।

2023 में इस यात्रा के दौरान हिंसा में 7 लोगों की जान गई थी, जिसके बाद से प्रशासन हर साल इसे लेकर सतर्क है।

नूंह में सड़कों पर सन्नाटा पसरा है, बाजार बंद हैं और लोगों की आवाजाही बहुत सीमित है।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सोहना के पास वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है।

बाहर से आने वाले वाहनों की तलाशी ली जा रही है ताकि कोई शरारती तत्व जिले में प्रवेश न कर सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *