PM Modi Bhopal Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित भव्य महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में शामिल हुए।
एक ओर जहां उन्होंने देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान और आतंकवाद पर सख्त संदेश देते हुए कहा कि अब आतंकियों के जरिए प्रॉक्सी वॉर नहीं चलेगा, जो गोली चलाएगा उसे गोले से जवाब मिलेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने करीब 40 मिनट का भाषण दिया, जिसमें उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण से लेकर देश की सुरक्षा, विकास योजनाओं और ऐतिहासिक समाज सुधारकों पर विस्तार से बात की।
मंच पर उनके साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्यपाल मंगुभाई पटेल भी मौजूद रहे।
यह आयोजन देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर जंबूरी मैदान में किया गया था, जिसमें हजारों महिलाएं मौजूद थीं।
भोपाल में प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत
पीएम मोदी खुली जीप पर सवार होकर जंबूरी मैदान पहुंचे।
इस दौरान उनके साथ सीएम डॉ. मोहन यादव भी रहे। जहां उनका हाथ में तिरंगा लिए महिलाओं ने स्वागत किया।
इसके बाद पीएम ने देवी अहिल्या की प्रतिमा पर पीएम ने पुष्प अर्पित किए।
पीएम ने देवी अहिल्या को लेकर लगी प्रदर्शनी देखने के साथ महिला बुनकर और ड्रोन दीदी से बात की।
मंच पर मध्य प्रदेश के राज्यपाल ने पीएम मोदी को देवी अहिल्याबाई का चित्र भेंट किया।
सीएम ने पीएम मोदी को होल्कर राजवंश की पगड़ी पहनाई।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और सांसद वीडी शर्मा ने प्रदेश संगठन की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किया।
डाक टिकट जारी, मेट्रो-एयरपोर्ट्स का उद्घाटन
पीएम मोदी ने कार्यक्रम में देवी अहिल्या की 300वीं जयंती पर विशेष डाक टिकट और 300 रुपये का विशेष सिक्का जारी किया।
अटल सुशासन भवन की आधारशिला रखने के साथ पीएम ने सतना-दतिया एयरपोर्ट और इंदौर मेट्रो का भी लोकार्पण किया।
विकास परियोजनाओं की सौगात देने के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि ये योजनाएं मध्य प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगी और रोजगार के अवसर बढ़ाएंगी।
पीएम मोदी ने देवी अहिल्या के जीवन और कार्यों को भारत के नारी नेतृत्व और समाज सुधार की मिसाल बताया।
उन्होंने कहा कि देवी अहिल्या ने महिलाओं को संपत्ति में अधिकार दिया। विधवा पुनर्विवाह का समर्थन किया।
मालवा की सेना में महिलाओं की टुकड़ी बनाई। महेश्वरी साड़ी उद्योग को प्रोत्साहन देने के लिए गुजरात से कारीगर बुलाए।
300 पहले जब पश्चिमी दुनिया महिलाओं को हाशिए पर रखती थी, तब देवी अहिल्या भारत में महिला सशक्तिकरण का उदाहरण स्थापित कर रही थीं।
पीएम के भाषण में महिला सशक्तिकरण पर जोर
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में महिला सशक्तिकरण को अपनी सरकार की प्राथमिकता बताया।
उन्होंने कहा कि 2014 से पहले 30 करोड़ महिलाएं ऐसी थीं जिनके बैंक खाते ही नहीं थे।
लेकिन आज जन-धन योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं के खाते खुले हैं और सरकारी योजनाओं की राशि सीधे उनके खातों में पहुंच रही है।
उन्होंने बताया कि 75% मुद्रा योजना की लाभार्थी महिलाएं हैं। 10 करोड़ महिलाएं सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ी हैं।
1.5 करोड़ महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं, और 3 करोड़ का लक्ष्य रखा गया है।
नमो ड्रोन दीदी अभियान के माध्यम से महिलाएं खेती में तकनीक की कमान संभाल रही हैं।
प्रधानमंत्री ने इस बात पर विशेष बल दिया कि बेटियां आज वैज्ञानिक, डॉक्टर, इंजीनियर, पायलट और स्टार्टअप लीडर बन रही हैं।
उन्होंने कहा, चंद्रयान 3 मिशन में 100 से ज्यादा महिला वैज्ञानिकों और इंजीनियरों ने भाग लिया।
आज भारत में 45% स्टार्टअप में कोई न कोई महिला डायरेक्टर है।
भोपाल से दी पाकिस्तान को सीधी चेतावनी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पहलगाम हमले में आतंकियों ने सिर्फ निर्दोष भारतीयों का खून नहीं बहाया, बल्कि भारत की संस्कृति और नारी शक्ति पर भी हमला किया।
उन्होंने कहा, आतंकियों ने नारी शक्ति को चुनौती दी थी, यही चुनौती उनके और उनके आकाओं के लिए काल बन गई।
हमारी सेना ने सैकड़ों किमी दूर जाकर दुश्मन के घर में घुसकर उनके आतंकी ठिकानों को तबाह किया।
उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को भारत के इतिहास का सबसे बड़ा सफल सैन्य अभियान बताते हुए कहा कि अब भारत आतंक के खिलाफ नरम नहीं रहेगा।
उन्होंने दो टूक कहा, अब जो आतंकियों की मदद करेगा, उसे भी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
अपने भाषण में मोदी ने सिंदूर को भारत की नारी शक्ति और शौर्य का प्रतीक बताते हुए कहा कि सिंदूर, जो शक्ति पूजा का हिस्सा है, आज भारत के शौर्य का प्रतीक बन गया है।
उन्होंने कहा कि भारत में हनुमान जी भी सिंदूर धारण करते हैं और शक्ति पूजा में सिंदूर का विशेष स्थान है।
उन्होंने कहा कि अब यही सिंदूर देश की बहादुरी और आत्मसम्मान की निशानी बन गया है।
आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जल जीवन
मोदी ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना से महिलाओं के स्वास्थ्य संबंधी डर दूर हुए हैं।
उन्होंने कहा, पहले महिलाएं बीमारी छिपाती थीं क्योंकि उन्हें लगता था कि इलाज से परिवार पर बोझ बढ़ेगा, लेकिन अब 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज उन्हें आत्मविश्वास दे रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उज्ज्वला योजना, नल से जल, शौचालय निर्माण, और बिजली कनेक्शन जैसी सुविधाएं सिर्फ भौतिक नहीं, बल्कि माताओं और बहनों के सम्मान की बहाली हैं।
उन्होंने इसे ‘नम्र प्रयास’ बताया जो महिलाओं के जीवन में असुविधा को कम कर रहा है।
इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री का देवी अहिल्या की जयंती पर भोपाल आना हम सभी के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने देवी अहिल्या को आदर्श पत्नी, बहू और महारानी बताते हुए कहा कि उनका इतिहास भारतीय संस्कृति के लिए प्रेरणास्रोत है।
You may also like
-
शिलांग में लापता हुए इंदौर दंपति मामले में पति का शव मिला, पत्नी की तलाश जारी
-
सुकमा जिले में 16 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, केरलापेंदा गांव हुआ माओवाद मुक्त
-
अन्ना यूनिवर्सिटी रेप केस: दोषी ज्ञानसेकरन को उम्रकैद, कोर्ट ने कहा- किसी भी तरह की छूट नहीं मिलेगी
-
कैलाश विजवर्गीय ने बदले इंदौर में 5 मेट्रो स्टेशन के नाम….. प्रशासन मौन
-
चिराग बनेंगे बिहार के किंगमेकर! विधानसभा चुनाव को लेकर खोले पत्ते, दोहराएंगे 20 साल पुराना रामविलास पासवान का दांव