Durgesh Pathak CBI Raid: नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक दुर्गेश पाठक के दिल्ली स्थित आवास पर गुरुवार सुबह केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने छापेमारी की।
यह कार्रवाई विदेशी फंडिंग मामले में की गई है, जिसमें CBI ने फॉरेन कंट्रीब्यूशन रेगुलेशन एक्ट (FCRA) के तहत केस दर्ज किया है।
यह छापा ऐसे समय पर पड़ा है जब पाठक को हाल ही में गुजरात विधानसभा चुनाव 2027 के लिए पार्टी का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
CBI-ED की रडार पर AAP के नेता
सूत्रों के अनुसार, CBI को इस बात की सूचना मिली थी कि दुर्गेश पाठक की ओर से कुछ विदेशी फंडिंग कथित रूप से गैरकानूनी तरीके से पार्टी के खाते में ट्रांसफर कराई गई है।
इस मामले में CBI पिछले कुछ महीनों से जांच कर रही थी और उसी कड़ी में यह छापा मारा गया है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि CBI को क्या ठोस सबूत हाथ लगे हैं।
बता दें CBI की इस कार्रवाई से दो दिन पहले ही, मोहाली से AAP विधायक कुलवंत सिंह के घर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने छापेमारी की थी।
कुलवंत सिंह की रियल एस्टेट कंपनी JLPL से जुड़े परिसरों की तलाशी ली गई थी।
यह कार्रवाई पर्ल एग्रोटेक कॉरपोरेशन लिमिटेड (PACL) घोटाले से जुड़ी बताई जा रही है।
ED सूत्रों के मुताबिक, PACL के डायरेक्टर्स ने निवेशकों के पैसे को फर्जी कंपनियों में घुमा-फिराकर देश से बाहर भेजा और हवाला के जरिए संपत्तियां खरीदी गईं।
AAP का BJP पर तीखा हमला
CBI की इस कार्रवाई पर आम आदमी पार्टी के कई नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी का कहना है कि यह सब भारतीय जनता पार्टी (BJP) की साजिश है, जो AAP की गुजरात में बढ़ती ताकत से डरी हुई है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि जैसे ही दुर्गेश पाठक को गुजरात चुनाव की जिम्मेदारी मिली, उनके घर CBI की रेड हो गई। यह कोई इत्तेफाक नहीं बल्कि BJP की डर से निकली हुई साजिश है। बीजेपी जानती है कि अब गुजरात में केवल आम आदमी पार्टी ही उन्हें चुनौती दे सकती है।
वहीं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि मोदी सरकार ने AAP को खत्म करने के लिए तमाम हथकंडे अपनाए हैं। जैसे ही पाठक को गुजरात का सह-प्रभारी बनाया गया, CBI को उनके पीछे लगा दिया गया। यह बीजेपी का गंदा खेल है।
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने भी इसे BJP की बौखलाहट बताया। उन्होंने कहा, CBI की रेड से साफ है कि BJP गुजरात में AAP की बढ़ती लोकप्रियता से घबराई हुई है। वे हमें धमकाकर रोकना चाहते हैं, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं।
गुजरात चुनाव अकेले लड़ेगी AAP
आम आदमी पार्टी ने 21 मार्च को गुजरात विधानसभा चुनाव 2027 के लिए गोपाल राय को मुख्य प्रभारी और दुर्गेश पाठक को सह-प्रभारी नियुक्त किया था। इसके बाद दोनों नेता गुजरात दौरे पर गए थे और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की थी।
AAP ने साफ कर दिया है कि वह गुजरात चुनाव अकेले लड़ेगी और कांग्रेस से कोई गठबंधन नहीं करेगी। पार्टी के अनुसार, फरवरी में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में AAP को 32 सीटें मिली थीं और लगभग 250 सीटों पर वह दूसरे स्थान पर रही थी।
वर्तमान में पार्टी के पास गुजरात विधानसभा में चार विधायक हैं। AAP का दावा है कि वह गुजरात में BJP की सबसे बड़ी राजनीतिक चुनौती बनकर उभरी है।
वहीं CBI और ED की लगातार कार्रवाइयों को लेकर आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार पर बदले की राजनीति करने का आरोप लगाया है।
पार्टी का कहना है कि जब भी कोई AAP नेता किसी अहम राजनीतिक भूमिका में आता है, तभी उसके खिलाफ जांच एजेंसियों को सक्रिय कर दिया जाता है।
You may also like
-
1000 करोड़ का कमीशन घोटाला: मोहन कैबिनेट में मंत्री संपतिया उइके पर लगे गंभीर आरोप, PMO तक पंहुचा मामला
-
MP में BJP को दो दिन बाद मिल जाएगा नया प्रदेश अध्यक्ष, पार्टी ने जारी किया चुनाव कार्यक्रम
-
प्रयागराज की दलित नाबालिग को आतंकी बनाने की साजिश का खुलासा: धर्मांतरण कर केरल में दी जा रही थी जिहादी ट्रेनिंग
-
FIR मामले पर पर जीतू पटवारी ने दी सरकार को चुनौती, कहा- इस्तीफा देने को हूं तैयार
-
सोनम के लैपटॉप से हटाई गई ब्राउज़र हिस्ट्री, इसी से बुक हुए थे शिलॉन्ग के टिकट