Bypoll Election Results 2025

Bypoll Election Results 2025

4 राज्यों की 5 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजे घोषित, भाजपा के हाथ आई बस एक सीट

Share Politics Wala News

 

Bypoll Election Results 2025: देश के चार राज्यों – गुजरात, पंजाब, केरल और पश्चिम बंगाल – की पांच विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के नतीजे सामने आ चुके हैं।

19 जून को हुई वोटिंग के बाद 23 जून को हुई मतगणना में अलग-अलग दलों को जीत मिली है।

आम आदमी पार्टी (AAP), कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) को अलग-अलग राज्यों में सफलता मिली।

यह उपचुनाव न सिर्फ दलों की जमीनी पकड़ को परखने वाला साबित हुआ, बल्कि कुछ राजनीतिक संकेत भी दे गया।

विशेषकर AAP के संजीव अरोड़ा की जीत और उनकी खाली हो रही राज्यसभा सीट को लेकर।

ऐसे रहे उपचुनाव के नतीजे

राज्य सीट विजेता पार्टी विजेता उम्मीदवार जीत का अंतर
गुजरात विसावदर AAP गोपाल इटालिया 17,554 वोट
गुजरात कडी BJP राजूभाई चावड़ा 39,452 वोट
पंजाब लुधियाना वेस्ट AAP संजीव अरोड़ा 10,637 वोट
केरल नीलांबुर कांग्रेस/UDF आर्यदान शौकत 11,077 वोट
पश्चिम बंगाल कालीगंज TMC अलीफा अहमद 50,049 वोट

गुजरात में AAP का किला नहीं भेद पाई BJP

गुजरात की दो विधानसभा सीटों विसावदर और कडी पर उपचुनाव हुए।
विसावदर सीट पर आम आदमी पार्टी ने बड़ा धमाका किया।

पार्टी के नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया ने बीजेपी उम्मीदवार किरीट पटेल को 17,554 वोटों से हराकर पार्टी को राज्य में मजबूत संदेश दिया है।

गोपाल इटालिया को 75,942 वोट , तो वहीं बीजेपी के किरीट पटेल को 58,388 वोट मिले।

कांग्रेस उम्मीदवार नितिन रणपारिया मात्र 5,501 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे।

यह सीट AAP विधायक भूपेंद्र भयानी के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी, जो दिसंबर 2023 में पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे।

वहीं कडी सीट पर BJP ने अपनी पकड़ बरकरार रखी।

राजूभाई चावड़ा ने कांग्रेस के रमेशभाई चावड़ा को 39,452 वोटों के भारी अंतर से हराया।

यह सीट पहले भी भाजपा के पास थी और पार्टी ने इसे आसानी से बचा लिया।

लुधियाना वेस्ट में AAP के संजीव अरोड़ा जीते

पंजाब की लुधियाना वेस्ट सीट आम आदमी पार्टी के लिए अहम रही।

इस सीट से पार्टी ने अपने राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को मैदान में उतारा।

जिन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भारत भूषण आशु को 10,637 वोटों से हराकर जीत दर्ज की।

इस उपचुनाव में संजीव अरोड़ा को 35,144 वोट मिले।

अब उनके विधायक बनने के साथ ही उनकी राज्यसभा सीट खाली हो जाएगी।

राज्यसभा में केजरीवाल की एंट्री संभव?

संजीव अरोड़ा की राज्यसभा सीट खाली होने के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल को पंजाब से राज्यसभा भेजा जा सकता है।

पार्टी के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अरोड़ा को लुधियाना में किए गए सामाजिक कार्यों के चलते विधानसभा टिकट दिया गया था।

राज्यसभा की खाली सीट पर निर्णय पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) के साथ चर्चा के बाद लिया जाएगा।

यह राजनीतिक घटनाक्रम दिल्ली में AAP के नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों को भी हवा दे सकता है।

केरल: नीलांबुर सीट पर कांग्रेस की वापसी

केरल की नीलांबुर सीट पर कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ (UDF) ने कम्युनिस्ट पार्टी (CPI-M) को मात दी।

कांग्रेस उम्मीदवार आर्यदान शौकत ने CPI(M) के एम. स्वराज को 11,077 वोटों से हराया।

नतीजों में आर्यदान को कुल 77,737 वोट मिले, वहीं इस सीट पर बीजेपी चौथे नंबर पर रही।

जीत के बाद मलप्पुरम जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर आतिशबाजी की और जश्न मनाया।

यह नतीजा राज्य में कांग्रेस की वापसी की उम्मीदों को भी बल देता है।

खासकर ऐसे समय में जब CPM और LDF सरकार को कई मुद्दों पर घेरने की कोशिशें चल रही हैं।

पश्चिम बंगाल: कालीगंज सीट पर TMC का कब्जा बरकरार

बंगाल की कालीगंज सीट पर TMC की अलीफा अहमद ने BJP के आशीष घोष को 50 हजार वोटों से हराकर पार्टी का परचम बरकरार रखा।

जीत पर सीएम ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “कालीगंज विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में सभी धर्म, सभी जाति और सभी वर्गों के लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग करके हमें अपार आशीर्वाद दिया है।”

तृणमूल कांग्रेस को 1,02,759 वोट मिले, वहीं  भारतीय जनता पार्टी को 52,710 वोट मिले और कांग्रेस 28,348 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रही।

यह नतीजा ऐसे समय में आया है जब राज्य में भाजपा आक्रामक रणनीति के साथ तृणमूल सरकार को घेरने में लगी है। मगर कालीगंज की जीत से TMC को फिर मजबूती मिली है।

5 सीटों पर उपचुनावों के कारण

गुजरात के विसावदर में AAP विधायक भूपेंद्र भयानी के इस्तीफे से सीट खाली हुई।

कडी सीट, नीलांबुर (केरल) और कालीगंज (बंगाल) में विधायकों की मृत्यु या इस्तीफे की वजह से उपचुनाव कराए गए।

लुधियाना वेस्ट (पंजाब) में यह सीट भी विधायक के निधन के चलते खाली हुई थी।

चुनाव आयोग ने सभी चुनावों की प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखी और शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कराया गया।

नतीजों के राजनीतिक मायने औ

इन उपचुनावों के नतीजों ने स्पष्ट कर दिया है कि

आम आदमी पार्टी धीरे-धीरे गुजरात जैसे राज्यों में भी पैर जमाने में कामयाब हो रही है।

कांग्रेस ने केरल में वापसी की उम्मीदें जगाई हैं।

TMC का बंगाल में वर्चस्व कायम है और बीजेपी की आक्रामक रणनीति को फिलहाल चुनौती मिली है।

बीजेपी ने कडी सीट पर बड़ी जीत के जरिए अपना परंपरागत वोट बैंक बचा लिया है।

लेकिन सबसे अहम संकेत पंजाब से आया है, जहां AAP नेता और राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा की विधानसभा में एंट्री ने एक नई संभावनाओं को जन्म दिया है।

अगर अरविंद केजरीवाल को राज्यसभा भेजा जाता है, तो यह पार्टी की रणनीति में बड़ा बदलाव साबित हो सकता है — खासकर केंद्र की राजनीति में AAP की भूमिका को लेकर।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *