Modi Government 11 Years

Modi Government 11 Years

मोदी सरकार की 11 साल की उपलब्धियां: राम मंदिर, आर्टिकल 370, तीन तलाक, CAA, नया वक्फ कानून

Share Politics Wala News

 

Modi Government 11 Years: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 11 साल पूरे हो गए हैं।

इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

इस दौरान उन्होंने बीते एक दशक में सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों, नीतियों और बदलावों को देशहित में ‘ऐतिहासिके’ करार दिया।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने भारत की राजनीतिक संस्कृति को बदला है, जहां पहले तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार हावी था।

अब जवाबदेही, पारदर्शिता और विकास की राजनीति का नया अध्याय शुरू हुआ है।

मोदी बोले- ‘जन कल्याण’ इस सरकार का मूल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सरकार के 11 साल पूरे होने पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो पोस्ट कर जनता का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि इन वर्षों में सरकार ने गरीबों, महिलाओं, किसानों, युवाओं और वंचित वर्गों के जीवन को आसान बनाने के लिए काम किया है।

मोदी ने उज्ज्वला योजना, मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान जैसी योजनाओं को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में गिनाया।

उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाई, मुद्रा योजना ने उन्हें स्वरोजगार का अवसर दिया और आवास योजना के तहत संपत्ति में उनका अधिकार सुनिश्चित हुआ।

नड्डा ने गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां

1 – भ्रष्टाचार से पारदर्शिता की ओर

नड्डा ने कहा कि 2014 से पहले की सरकारें निराशा और भ्रष्टाचार के माहौल में डूबी थीं।

लेकिन मोदी सरकार ने बीते 11 वर्षों में विकसित भारत की मजबूत नींव रखी है।

आज भारत का नागरिक गर्व से कहता है – “मोदी है तो मुमकिन है।”

उन्होंने कहा कि यह सरकार केवल आज नहीं, बल्कि भविष्य की दृष्टि से कार्य कर रही है।

2 – आर्थिक मोर्चे पर भारत की छलांग

उन्होंने बताया कि 2014 में भारत दुनिया की 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था और अब वह 5वें स्थान पर पहुंच चुका है।

IMF के मुताबिक, जल्द ही भारत चौथे नंबर पर होगा। टैक्स कलेक्शन में 238% की बढ़ोतरी हुई है।

भारत अब सबसे तेज़ी से बढ़ने वाली वैश्विक अर्थव्यवस्था बन चुका है।

3 – नोटबंदी को लेकर विपक्ष पर निशाना

जेपी नड्डा ने नोटबंदी का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय विपक्षी पार्टियां लोगों को भड़काने में लगी थीं, लेकिन आम जनता सरकार के समर्थन में बैंक की कतारों में खड़ी रही।

इसका कारण था – प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर विश्वास। नड्डा बोले, “आप शायद भूल गए होंगे, लेकिन मैं नहीं भूलता।”

4 – आर्टिकल 370 और तीन तलाक पर ऐतिहासिक फैसले

नड्डा ने अनुच्छेद 370 हटाने को मोदी सरकार का साहसी और ऐतिहासिक फैसला बताया।

उन्होंने कहा कि देश मान बैठा था कि यह असंभव है, लेकिन सरकार ने कर दिखाया।

जम्मू-कश्मीर में लोकसभा चुनाव में 58.46% और विधानसभा चुनाव में 63% मतदान हुआ, जो इस बदलाव का प्रमाण है।

इसी तरह तीन तलाक पर प्रतिबंध लगाकर मुस्लिम महिलाओं को सम्मान और अधिकार मिला।

5 – विपक्ष की राजनीति पर हमला

नड्डा ने कहा कि जब विपक्षी पार्टियां पंजाब और हिमाचल में जीतती हैं तो चुनाव ठीक लगते हैं, लेकिन हारने पर चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हैं।

उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए ऑपरेशन सिंदूर और ऑल पार्टी मीटिंग के बाद दिए गए उनके बयानों को “गैर-जिम्मेदाराना” बताया।

‘Women-Led Development’ की दिशा में ऐतिहासिक कदम

नड्डा ने सरकार की उपलब्धियों में CAA, महिला आरक्षण, बजट सुधार, नया वक्फ कानून और टैक्स सुधारों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि इन सभी कदमों का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाना रहा है।

उन्होंने दावा किया कि 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं और देश में अति-गरीबी में 80% की कमी आई है।

उन्होंने चिनाब ब्रिज का उदाहरण देते हुए कहा कि यह प्रोजेक्ट 1995 में शुरू हुआ था।

अटल सरकार ने इसे नेशनल प्रोजेक्ट घोषित किया और मोदी सरकार ने 6 जून 2025 को इसे देश को समर्पित कर दिया।

नड्डा ने कहा कि मोदी सरकार ने ‘Women-Led Development’ की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए हैं।

महिलाओं को पायलट से लेकर सेना में स्थायी कमीशन तक, सैनिक स्कूलों और NDA में भर्ती तक अवसर दिए गए हैं।

लखपति दीदी योजना और महिला सेल्फ हेल्प ग्रुप्स को बढ़ावा देकर उन्हें आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में जोड़ा गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *