Rahul Gandhi Odisha Rally: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को ओडिशा में आयोजित ‘संविधान बचाओ समावेश’ रैली में चुनाव आयोग और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की तरह अब बिहार में भी चुनाव चुराने की साजिश चल रही है और इसके लिए चुनाव आयोग भाजपा के लिए काम कर रहा है, न कि एक स्वतंत्र संस्था की तरह।
राहुल ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में लोकसभा और विधानसभा चुनाव के बीच एक करोड़ नए वोटर जोड़े गए, जिनका कोई रेकॉर्ड नहीं है कि वे कहां से आए।
कांग्रेस ने बार-बार चुनाव आयोग से वोटर लिस्ट और वीडियोग्राफी की मांग की, लेकिन उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस बिहार का चुनाव चुराने नहीं देगी।
ओडिशा सरकार पर हमला, अडानी चला रहे राज्य
और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ओडिशा की भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि यह सरकार असल में अडानी चला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब पुरी की जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान अडानी और उनके परिवार के लिए रथ को रोका जाता है, तब समझ लेना चाहिए कि राज्य किसके इशारे पर चल रहा है।
यह सरकार ओडिशा की नहीं, बल्कि अडानी जैसे 5-6 अरबपतियों की है। इनका मकसद आदिवासियों की जमीन, जंगल और भविष्य को हड़पना है।
राहुल ने कहा कि राज्य में जल, जंगल और जमीन आदिवासियों की है और उसे बिना पूछे उनसे छीना जा रहा है।
उन्होंने भाजपा सरकार पर गरीबों का पैसा चुराने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर गरीब, मजदूर, किसान हैं और दूसरी ओर भाजपा और अरबपति उद्योगपति।
भाजपा संविधान पर कर रही हमला- राहुल
अपने भाषण में राहुल गांधी ने भाजपा पर देशभर में संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि आज जो लड़ाई चल रही है, वह दो विचारधाराओं के बीच है—एक जो गरीबों, किसानों, आदिवासियों, दलितों के अधिकारों की बात करती है और दूसरी जो देश की संपत्तियों को कुछ पूंजीपतियों को सौंप रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही वह पार्टी है जो इस लड़ाई में जनता के साथ खड़ी है और संविधान की रक्षा करेगी।
ओडिशा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने ड्राइवर यूनियन के जरिए जानबूझकर राज्यभर में हड़ताल करवाई ताकि राहुल गांधी की रैली को असफल किया जा सके।
उन्होंने कहा कि लाखों लोग कार्यक्रम में शामिल होना चाहते थे, लेकिन हड़ताल के चलते वे नहीं पहुंच पाए।
हम ड्राइवरों की मांगों का समर्थन करते हैं, लेकिन आज के दिन उनके हड़ताल पर जाने से भाजपा की साजिश जाहिर होती है।
27 मार्च की घटना: कांग्रेस विधायकों पर लाठीचार्ज
राहुल गांधी ने अपने भाषण में मार्च 2024 में हुई उस घटना का भी जिक्र किया, जब ओडिशा विधानसभा के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया था।
यह प्रदर्शन 14 विधायकों के निलंबन के खिलाफ हो रहा था। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और विधायकों ने विधानसभा के भीतर और बाहर दो दिनों तक विरोध किया, लेकिन उन्हें बलपूर्वक रोका गया।
राहुल गांधी शुक्रवार सुबह 11:30 बजे भुवनेश्वर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से वे सीधे बरमुंडा मैदान गए और दोपहर 12 बजे विशाल जनसभा को संबोधित किया।
इसके बाद उन्होंने दो किसान प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात की और कांग्रेस कार्यालय में राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक में शामिल हुए।
फिर उन्होंने विधायकों और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत की और शाम 5 बजे दिल्ली लौट गए।
24 साल 99 दिन बाद सत्ता से बाहर हुई BJD
जून 2024 में हुए लोकसभा और विधानसभा चुनावों के साथ ओडिशा में सत्ता परिवर्तन हुआ।
भाजपा ने पहली बार राज्य में सरकार बनाई और नवीन पटनायक का 24 साल 99 दिन का कार्यकाल समाप्त हुआ।
यदि इस बार उनकी सरकार बनती तो वह देश के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड बना लेते, जो फिलहाल सिक्किम के पवन चामलिंग (24 साल 165 दिन) के नाम है।
नवीन पटनायक की पार्टी बीजेडी ने 2000 और 2004 में भाजपा के साथ गठबंधन कर सरकार बनाई थी, लेकिन 2009 में गठबंधन तोड़ लिया। भाजपा के लिए ओडिशा में यह जीत राजनीतिक रूप से बड़ी उपलब्धि रही है।
You may also like
-
शहडोल में घोटालों की बहार: 14 किलो ड्राई फ्रूट्स, 6 लीटर दूध और 100 रसगुल्ले डकार गए पेटू अफसर
-
कन्नड़ अनिवार्य करने पर केंद्र-राज्य सरकार को नोटिस जारी, कर्नाटक HC ने तीन हफ्ते में मांगा जवाब
-
कहानी इंटरनेशनल टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की: अपने कलेजे के टुकड़े को पिता ने उतारा मौत के घाट
-
मंत्री तुलसीराम सिलावट अपने ही अखाड़े में चारों खाने चित, जमानत भी जब्त
-
भागवत बोले- 75 साल मतबल उम्र हो गई, दूसरों को मौका दें: विपक्ष ने कहा- यह PM मोदी को संदेश