PM Modi Croatia Visit

PM Modi Croatia Visit

PM मोदी की क्रोएशिया यात्रा: आतंकवाद को बताया मानवता का दुश्मन, भारत-क्रोएशिया साझेदारी को दी नई दिशा

Share Politics Wala News

 

PM Modi Croatia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को क्रोएशिया की राजधानी जगरेब में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए आतंकवाद को मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन बताया।

उन्होंने कहा कि आतंकवाद लोकतंत्र में विश्वास रखने वाली शक्तियों का विरोधी है और इससे पूरी दुनिया को एकजुट होकर लड़ना होगा।

क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच के साथ द्विपक्षीय बातचीत में भी आतंकवाद और वैश्विक शांति पर गंभीर चर्चा हुई।

यह किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की क्रोएशिया की पहली आधिकारिक यात्रा है, जिससे दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों में ऐतिहासिक मोड़ आया है।

पीएम मोदी का गर्मजोशी से हुआ स्वागत

बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कनाडा गए थे, जहां वह गेस्ट नेशन के तौर पर G7 समिट का हिस्सा बने थे।

इस दौरान उन्होंने कई वर्ल्ड लीडर्स से मुलाकात की थी।

इसके बाद पीएम मोदी क्रोएशिया की राजधानी जगरेब पहुंचे, जहां उनके स्वागत में मंत्र पढ़े गए और भारतीय नृत्य पेश किया गया।

इस दौरान PM मोदी भारतीय समुदाय के लोगों से भी मिले।

बता दें नरेंद्र मोदी पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने क्रोएशिया का दौरा किया।

इस देश में 17 हजार से ज्यादा भारतीय रहते हैं।

क्रोएशिया के प्रधानमंत्री से द्विपक्षीय बातचीत

PM मोदी ने क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच से द्विपक्षीय बातचीत की।

इस दौरान उन्होंने कहा कि आतंकवाद मानवता का दुश्मन है।

यह लोकतंत्र में विश्वास रखने वाली शक्तियों का विरोधी है।

क्रोएशिया के PM आंद्रेज ने कहा कि हमने भारत में हुए आतंकवादी हमले पर भी चर्चा की और दुख जताया।

हमने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई पर PM मोदी के संदेश को अच्छी तरह से समझा है, क्योंकि यह दुनिया के लिए सबसे बड़ा खतरा है।

इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्रोएशिया सरकार को धन्यवाद कहा।

भारत-क्रोएशिया साझेदारी को और मजबूत करेंगे

PM मोदी ने कहा कि भारत और क्रोएशिया लोकतंत्र, कानून और विविधता जैसे साझा मूल्यों से जुड़े हैं।

क्रोएशिया में भले ही यह यात्रा छोटी है, लेकिन मुझे आपके शहर की संस्कृति, जीवनशैली और यहां के लोगों की गर्मजोशी का अनुभव हुआ। यहां मुझे अपनेपन का एहसास हुआ।

हमने बहुत से महत्वपूर्ण निर्णय लिए, जो भारत-क्रोएशिया साझेदारी को और मजबूत करेंगे और नए क्षेत्रों में मिलकर काम करने के रास्ते खोलेंगे।

दोनों देशों ने द्विपक्षीय संबंधों को तीसरे कार्यकाल में तीन गुना गति से बढ़ाने का निर्णय लिया।

रक्षा सहयोग योजना, व्यापार, फार्मा, कृषि, आईटी, डिजिटल व स्वच्छ तकनीक जैसे क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाई जाएगी।

भारत-क्रोएशिया के सांस्कृतिक और शैक्षणिक संबंधों को और मजबूत किया जाएगा।

हिंदी चेयर की टाइमलाइन 2030 तक बढ़ाई गई है, 5 साल का सांस्कृतिक कार्यक्रम तय हुआ है और लोगों की आवाजाही के लिए मोबिलिटी समझौता जल्द होगा।

पीएम मोदी की क्रोएशिया यात्रा के मायने

क्रोएशिया यूरोपीय संघ (EU) का सदस्य है और यह यात्रा भारत की यूरोपीय देशों के साथ साझेदारी बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा है।

पीएम मोदी ने यह यात्रा ऐसे समय में की है जब भारत रूस-यूक्रेन युद्ध और पश्चिमी देशों के बीच संतुलन साधने की कोशिश कर रहा है।

पीएम मोदी की इस यात्रा से व्यापार, तकनीक, फार्मा, IT और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की उम्मीद है।

दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलेगा, खासकर योग, आयुर्वेद और भारतीय समुदाय के जरिए।

जलवायु परिवर्तन, वैश्विक शांति और विकास जैसे मुद्दों पर सहयोग के नए अवसर खुल सकते हैं।

साथ ही भारत और क्रोएशिया समुद्री और रक्षा क्षेत्र में भी सहयोग कर सकते हैं, क्योंकि क्रोएशिया एक समुद्री देश है।

क्रोएशिया ने 1991 में स्वतंत्रता की घोषणा की

क्रोएशिया ने 25 जून 1991 को आधिकारिक रूप से यूगोस्लाविया से स्वतंत्रता की घोषणा की थी।

इससे पहले यह देश सोशलिस्ट फेडरल रिपब्लिक ऑफ यूगोस्लाविया का हिस्सा था, जिसमें कुल छह गणराज्य शामिल थे।

1990 में क्रोएशिया में बहुदलीय चुनाव हुए और राष्ट्रवादी नेता फ्रांजो तुजमान की पार्टी सत्ता में आई।

जून 1991 में संसद ने स्वतंत्रता की घोषणा कर दी।

यूगोस्लाव सरकार और वहां की सेना ने इसका विरोध किया, जिससे क्रोएशिया युद्ध शुरू हुआ।

चार साल (1991-1995) तक चले क्रोएशिया युद्ध में हजारों लोग मारे गए और लाखों बेघर हुए।

संयुक्त राष्ट्र और यूरोपीय संघ के दबाव और मध्यस्थता से शांति स्थापित हुई।

क्रोएशिया को 15 जनवरी 1992 को यूरोपीय देशों ने औपचारिक मान्यता दी।

आज क्रोएशिया यूरोपीय संघ (EU) और नाटो का सदस्य है।

क्रोएशिया के 6 रोचक तथ्य जो भारत के लिए खास

  1. दुनिया की पहली टाई क्रोएशिया से आई, जिसे “क्रावट” कहा जाता है।
  2. Game of Thrones की शूटिंग डुब्रोवनिक शहर में हुई थी, जिसे King’s Landing दिखाया गया।
  3. 1200 से अधिक द्वीपों वाला देश, जिनमें से कुछ ही आबाद हैं।
  4. 10 से अधिक UNESCO वर्ल्ड हेरिटेज साइट्स, जिनमें डिओक्लेशियन पैलेस और स्प्लिट शहर शामिल हैं।
  5. निकोल टेस्ला जैसे महान वैज्ञानिक का जन्म यहीं हुआ था।
  6. दुनिया का सबसे छोटा शहर हुम यहीं है, जहां सिर्फ 20-25 लोग रहते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *